IAS Kashish Bakshi Success Story: हरियाणा के अंबाला की रहने वाली कशिश बख्शी एक आर्मी अधिकारी की बेटी हैं और खुद एक आईएएस अधिकारी बन चुकी हैं. उन्होंने बिना किसी कोचिंग के अपने दूसरे प्रयास में यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2023 में शानदार ऑल इंडिया 54वीं रैंक हासिल की थी.
लॉ की पढ़ाई के दौरान शुरू की UPSC की तैयारी
कशिश सिर्फ पढ़ाई में ही नहीं बल्कि अलग-अलग क्षेत्रों में भी शानदार प्रदर्शन किया है. वह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मूटिंग और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में भी फाइनल तक पहुंच चुकी हैं. हालांकि इसके बावजूद उन्होंने साल 2021 में एनएलआईयू भोपाल से लॉ की पढ़ाई की और डिग्री हासिल की. लॉ की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने यूपीएससी परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी थी. उन्होंने आईएएस अधिकारी बनने के अपने बचपन के सपने को साकार करने के लिए दिन-रात पढ़ाई शुरू कर दी.
सेल्फ स्टडी से हासिल की सफलता
कशिश रोजाना 8-10 घंटे पढ़ाई करती थीं और परीक्षा नजदीक आने पर इससे भी ज्यादा समय देती थीं. उन्होंने बताया कि वो सेल्फ स्टडी करती थीं और पुराने प्रश्न पत्र हल किया करती थीं. इसके अलावा वह एनसीईआरटी की किताबें भी पढ़ती थीं. एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि उनका वैकल्पिक विषय दर्शनशास्त्र था. आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और उन्होंने बिना किसी कोचिंग के अपने दूसरे प्रयास में यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2023 में शानदार ऑल इंडिया 54वीं रैंक हासिल की. अब वह एक आईएएस अधिकारी हैं.
