JobWaleBaba

header ads

Success Story: यूपी का सबसे ‘ताकतवर’ आईएएस, बिहार से नाता, जानें कौन हैं IAS संजय प्रसाद

 

IAS Sanjay Prasad Success Story: आईएएस अधिकारी संजय प्रसाद को उत्तर प्रदेश का सबसे ताकतवर आईएएस माना जाता है. अपने 30 साल लंबे प्रशासनिक करियर में वह यूपी के कई मुख्यमंत्रियों को देख चुके हैं और उनके साथ काम कर चुके हैं. वह मूल रूप से बिहार के सीतामढ़ी के रहने वाले हैं.

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इस समय देश के सबसे ताकतवर मुख्यमंत्रियों में से एक माना जा रहा है, पर क्या आप जानते हैं कि योगी सरकार के सबसे ताकतवर आईएएस अधिकारी कौन हैं? अगर नहीं, तो चलिए आपको बता देते हैं. इस आईएएस अधिकारी का नाम संजय प्रसाद है, जो लगभग 30 साल से प्रशासनिक करियर में हैं और अपने इस लंबे कार्यकाल में वह यूपी के कई मुख्यमंत्रियों को देख चुके हैं और उनके साथ काम कर चुके हैं, जिसमें कल्याण सिंह से लेकर राजनाथ सिंह, राम प्रकाश गुप्ता, मुलायम सिंह यादव, अखिलेश यादव और मायावती शामिल हैं. आइए जानते हैं IAS संजय प्रसाद की सक्सेस स्टोरी के बारे में.

बिहार से शुरू हुआ सफर

संजय प्रसाद उत्तर प्रदेश कैडर के 1995 बैच के आईएएस अधिकारी हैं. उनका जन्म 23 मई 1971 को बिहार के सीतामढ़ी में हुआ था. उनकी शुरुआती पढ़ाई के बारे में तो जानकारी नहीं है, लेकिन उन्होंने दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से मास्टर डिग्री जरूर ली है. वह यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा पास कर साल 1995 में आईएएस अधिकारी बने थे.

आजमगढ़ में मिली पहली पोस्टिंग

यूपीएससी पास करने के बाद एक आईएएस अधिकारी के रूप में उनकी ट्रेनिंग 5 सितंबर 1995 से 31 मई 1996 तक मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA) में हुई थी और ट्रेनिंग के बाद 13 जून 1996 को उन्हें पहली पोस्टिंग आजमगढ़ में असिस्टेंट मजिस्ट्रेट और असिस्टेंट कलेक्टर के रूप में मिली. इसके बाद उन्होंने मुजफ्फरनगर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट और अमरोहा सहित कई जिलों में भी जिम्मेदारियां संभाली.

माना जाता है कि योगी आदित्यनाथ से उनकी पहली मुलाकात साल 1999 में गोरखपुर में हुई थी. उस समय योगी आदित्यनाथ गोरखपुर के सांसद थे और संजय प्रसाद गोरखपुर के मुख्य विकास अधिकारी यानी सीडीओ (CDO) बने थे. उन्होंने करीब 2 साल तक वहां काम किया और उसके बाद उनका ट्रांसफर हो गया. फिर साल 2002 में लखीमपुर खीरी के जिलाधिकारी बने. उसके बाद उन्होंने महाराजगंज, बहराइच, अयोध्या और आगरा में भी डीएम के तौर पर काम किया.

क्या प्रतिनियुक्ति पर केंद्र सरकार में जाएंगे IAS संजय प्रसाद?

अभी दो महीने पहले ही खबर आई थी कि आईएएस संजय प्रसाद केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर जा सकते हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, मोदी सरकार ने योगी सरकार के 6 आईएएस अधिकारियों को केंद्र में सचिव और समकक्ष पदों पर प्रतिनियुक्ति के लिए लिस्ट किया है, जिसमें IAS संजय प्रसाद का नाम भी शामिल है. फिलहाल वह यूपी में अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) के पद पर कार्यरत हैं और माना जाता है कि सीएम योगी उनपर पूरा भरोसा करते हैं.

JobWaleBaba

Subscribe our channel for more